कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में दुर्घटनाएं थमने का नाम ही नहीं ले रही है। आए दिन यहां लोग कई बड़े हादसे का शिकार हो रहे हैं। इसी बीच एक और बड़ी घटना सामने ही है। कटघोरा-अम्बिकापुर नेशनल हाईवे में तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई वहीं एक की हालत गंभीर बनी हुई है जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला कटघोरा थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि 5 जुलाई की रात ढेलवाडीह निवासी अजय यादव (37 वर्ष), सुमित गुप्ता (26 वर्ष) और एक अन्य युवक बाइक में सवार होकर अपने घर वापस लौट रहे थे। इसी बीच सड़क पर मवेशी बैठे थे, जिसके कारण पिकअप अनियंत्रित हो गया और तेज रफ्तार होने के कारण उसने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। इस हादसे में अजय की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को कटघोरा अस्पताल पहुंचाया। जहां सुमित की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। तीसरा युवक गंभीर है जिसे जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। दुर्घटनाकारित पिकअप वाहन को जब्त कर ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कार्यवाही की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर अक्सर मवेशियों के जमावड़े लगे रहते हैं जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। इससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं जिसमें कई लोगों के साथ-साथ मवेशियों की भी जान जा चुकी है।
