कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: भूमि पूजन और लोकार्पण करने कोरबा प्रवास पर आए उप मुख्यमंत्री, नगरीय प्रशासन व कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव, कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन के काफिले को पाली के ग्रामीणों ने रोक लिया और लगातार बारिश से हो रहे जलभराव की समस्या से आक्रोशित ग्रामीणों और दुकानदारों ने अपनी समस्या बताई।
नगर पंचायत पाली क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न विकास व निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने प्रभारी मंत्री अरुण साव और श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन पाली पहुंचे थे। मंगल भवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वह एनटीपीसी कावेरी विहार गेस्ट हाउस के लिए रवाना हुए। इस बीच उनका काफिला पाली में ही नंदलाल होटल के सामने स्थानीय ग्रामीणों ने रोक दिया।
कलेक्टर अजीत वसंत और एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने अपनी गाड़ी से उतरकर लोगों से बातचीत की। ग्रामीणों ने बताया कि उनके घरों में पानी घुस रहा है। कलेक्टर ने समस्या का जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने काफिले को आगे बढ़ने दिया।
बता दें कि जलभराव की समस्या सिर्फ पाली तक ही सीमित नहीं है। पूरे जिले के कई वार्डों और बस्तियों में इस तरह की समस्या बनी हुई है। तो कई ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कें और पुल टूटने की खबरें भी सामने आ रही हैं। इन घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
