कोरबा: ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम, देखें वीडियो….

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

 

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के चांदनी चौक के पास सोमवार रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई।

हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। मंगलवार को आक्रोशित लोगों ने शवों को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। इसके चलते रोंगा-बांकीमोंगरा मार्ग पर घंटों आवागमन प्रभावित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। बाइक पर सवार मृतकों की पहचान अरदा गांव निवासी सूरजभान ठाकुर और सूरज पटेल के रूप मे हुई है।

मौके पर पहुंचा पुलिस-प्रशासन

चक्काजाम की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार अमरदीप आंचल और बांकीमोंगरा थाना प्रभारी जितेंद्र यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। पुलिस-प्रशासन की ओर से लोगों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया।

स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग

हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने चांदनी चौक के पास लगातार हो रहे तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण की मांग की है। साथ ही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए चांदनी चौक पर स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग भी उठाई गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही अधिक है और तेज रफ्तार पर प्रभावी नियंत्रण जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

Share This Article