कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: रक्षाबंधन पर्व से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट और घटिया सामग्री की बिक्री रोकने के लिए कोरबा में खाद्य विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देश पर जिले में ‘बने खाबो-बने रिहबो 2.0’ अभियान चलाया जा रहा है। 17 से 23 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान में मिठाई, डेयरी और किराना प्रतिष्ठानों की जांच के साथ खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में सोमवार को गौ माता चौक, सीतामढ़ी स्थित मां सर्वमंगला डिस्ट्रीब्यूटर में खाद्य विभाग की टीम पहुंची। जांच के दौरान नारियल लड्डू और मसूर पाक के नमूने लिए गए। गुणवत्ता को लेकर संदेह पाए जाने पर करीब 10 हजार रुपए की खाद्य सामग्री सीज की गई। अधिकारियों के मुताबिक सीज किया गया माल फिलहाल प्रतिष्ठान में ही सुरक्षित रखा गया है।

लगातार लिए जा रहे खाद्य पदार्थों के सैंपल
खाद्य विभाग की टीम अगस्त की शुरुआत से ही जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर रही है। 6 अगस्त को कटघोरा की अमृततुल्य दूध डेयरी से पनीर, 7 अगस्त को दीपका की अन्नपूर्णा और शिवम डेयरी से दूध तथा टीपी नगर स्थित मां कालिका डेयरी से पनीर और खोवा के नमूने लिए गए थे।
इसके बाद 11 अगस्त को टाटा मिक्सचर फैक्ट्री से मिक्सचर और बुधवानी प्रॉडक्ट्स से मावा बर्फी के सैंपल लिए गए। वहीं, 13 अगस्त को सांझा चूल्हा ढाबा से पका हुआ चावल और आटा जांच के लिए भेजा गया। अब मां सर्वमंगला डिस्ट्रीब्यूटर से नारियल लड्डू और मसूर पाक के नमूने लिए गए हैं।
रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
विभाग द्वारा लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, संदेह के आधार पर सीज की गई करीब 10 हजार रुपए की सामग्री से छेड़छाड़ करने पर दुकानदार के खिलाफ अतिरिक्त धाराओं के तहत कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
पैकेजिंग पर भी विभाग की नजर
अभियान के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ-साथ पैकेजिंग और लेबलिंग नियमों की भी जांच की जा रही है। टीम निर्माण तिथि, एक्सपायरी डेट, मात्रा और खाद्य सामग्री से संबंधित आवश्यक विवरण की जांच कर रही है। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
23 अगस्त तक जारी रहेगा अभियान
खाद्य विभाग के अनुसार ‘बने खाबो-बने रिहबो 2.0’ अभियान 23 अगस्त तक जारी रहेगा। त्योहार के मद्देनजर विभाग ने उपभोक्ताओं से भी सतर्क रहने की अपील की है। मिठाई और अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, पैकेजिंग, निर्माण तिथि और एक्सपायरी डेट की जानकारी अवश्य जांचने कहा गया है। संदिग्ध खाद्य पदार्थों की बिक्री की जानकारी मिलने पर विभाग को सूचना देने की अपील की गई है।
