कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के भैंसमा गांव स्थित छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक में सोमवार रात चोरी की कोशिश से हड़कंप मच गया। अज्ञात आरोपी बैंक का ताला तोड़कर भीतर दाखिल हुआ और लॉकर व तिजोरी तक पहुंचने की कोशिश की, लेकिन काफी मशक्कत के बावजूद वह अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सका। आखिरकार आरोपी बिना चोरी किए ही मौके से फरार हो गया।
घटना का पता चलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। 112 की टीम मौके पर पहुंची और बैंक का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले में नकबजनी और चोरी के प्रयास का अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
ताला तोड़कर घुसा, मुख्य ताला भी साथ ले गया
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने बैंक का मुख्य ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उसने लॉकर, तिजोरी और अन्य अलमारियों को खोलने का प्रयास किया। हालांकि वह इन्हें खोल नहीं सका। खास बात यह रही कि बैंक में प्रवेश करने के बाद आरोपी मुख्य ताला भी अपने साथ ले गया। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने पहचान या अन्य सबूत छिपाने के इरादे से ताला अपने साथ लिया होगा।
बैंक के अंदर का CCTV बंद, जांच में बढ़ी मुश्किल
घटना की जांच में बैंक की सुरक्षा व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई है। बैंक परिसर में लगे CCTV कैमरे घटना के समय बंद पाए गए। बैंक मैनेजर ने पुलिस को बताया कि CCTV पहले से काम नहीं कर रहा था। ऐसे में बैंक के भीतर की गतिविधियों की रिकॉर्डिंग पुलिस को नहीं मिल पाई है।
फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों और बैंक तक आने-जाने वाले रास्तों पर लगे दूसरे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। संदिग्ध व्यक्तियों और उनकी गतिविधियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
रात में गार्ड भी नहीं था तैनात
बैंक में रात के समय कोई सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं था। ऐसे में बंद CCTV और सुरक्षा गार्ड की अनुपस्थिति ने बैंक की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मामले में नकबजनी और चोरी के प्रयास का अपराध दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की जा रही है।
सीएसपी ने बताया कि पुलिस समय-समय पर जिले के बैंक प्रबंधकों की बैठक लेकर सुरक्षा संबंधी निर्देश देती है। कुछ दिन पहले ही जिले के बैंकों का सुरक्षा सर्वे भी कराया गया था, जिसमें कई स्थानों पर कमियां सामने आई थीं। संबंधित बैंक प्रबंधन को सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए नोटिस भी जारी किए गए थे।
CCTV और सुरक्षा गार्ड को लेकर पुलिस सख्त
पुलिस ने जिले के सभी बैंकों और वित्तीय संस्थानों को CCTV कैमरों को हमेशा चालू और दुरुस्त रखने तथा रात के समय पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
