कोरबा में वाहन चोर गिरोह का खुलासा, 5 चोरी की बाइक बरामद; एक आरोपी गिरफ्तार

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए कोरबा और रायगढ़ जिले से चोरी की गई 5 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 20 वर्षीय आरोपी गौरव नायक, निवासी मुड़ापार, कोरबा को गिरफ्तार किया है। वहीं, उसका कथित साथी कौवा उर्फ फैजान पहले से ही एक अन्य मामले में जिला जेल कोरबा में बंद है।

पुलिस के अनुसार आरोपी सुनसान स्थानों पर खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे। मौका मिलते ही हैंडल लॉक तोड़कर या मास्टर चाबी की मदद से वाहन लेकर फरार हो जाते थे।

पूछताछ में आरोपी गौरव नायक ने अपने साथी के साथ मिलकर अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस की जांच में मानिकपुर, कोतवाली और उरगा क्षेत्र के साथ रायगढ़ के कोतवाली थाना क्षेत्र से चोरी हुए वाहनों का भी पता चला।

बरामद पांच मोटरसाइकिलों में एक मानिकपुर, दो कोतवाली कोरबा, एक उरगा और एक रायगढ़ कोतवाली क्षेत्र से चोरी की गई थी।

यह कार्रवाई कोरबा पुलिस के “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए की गई। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अब चोरी की अन्य वारदातों और संभावित सहयोगियों के संबंध में भी जांच आगे बढ़ा रही है।

Share This Article