कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के दादर माध्यमिक शाला में दो छात्रों के बीच झड़प हो गई। इसके बाद एक छात्र ने दूसरे छात्र पर ब्लेड से ताबड़तोड़ वार कर दिया। इस हमले में छात्र के गले और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान आए हैं। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह पूरा मामला मानिकपुर थाना क्षेत्र का है। जहां दादर माध्यमिक शाला में मारपीट की घटना घटी है। रोज की तरह शनिवार को भी 7वीं कक्षा का पीड़ित छात्र स्कूल पहुंचा था। 9:35 बजे रिसेस के दौरान स्कूल से लगी बांसबाड़ी नर्सरी में दोनों छात्र आपस में किसी बात को लेकर भिड़ गए थे। बहस इतनी बढ़ गई कि हमलावर छात्र ने पीड़ित पर अचानक ब्लेड से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।
हमले में पीड़ित छात्र के गले और चेहरे पर गंभीर चोट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल छात्र को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और इलाज जारी है। वहीं हैरानी की बात यह है कि स्कूल प्रशासन को इस गंभीर घटना की भनक तक नहीं लगी।
शिक्षक सुशील कुमार ने बताया कि दोनों 7वीं कक्षा के छात्र हैं। दोनों के बीच पहले से लड़ाई-झगड़ा चल रहा था। हमला करने वाला छात्र स्कूल नहीं आया था। परिजनों के अनुसार इससे पहले भी आरोपी छात्र ने उनके बच्चे से मारपीट की थी। वहीं इस घटना की जानकारी मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस जांच में जुट गई है और फरार छात्र की तलाश कर रही है।
