रायपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवती के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी चन्द्रमा प्रसाद मिश्रा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि मिश्रा ने युवती को पुलिस विभाग में नौकरी का वादा कर विश्वास में लिया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू की और आरोपी को पकड़ लिया। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
पीड़िता कांकेर निवासी ने 13 जुलाई को थाना डी.डी. नगर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि फेसबुक के माध्यम से उसकी पहचान चन्द्रमा प्रसाद मिश्रा नामक व्यक्ति से हुई थी, जिसने स्वयं को पुलिस विभाग में नौकरी करना बताया था। चन्द्रमा प्रसाद मिश्रा (55 साल) निवासी इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी द्वारा प्रार्थिया को पुलिस विभाग में नौकरी लगाने का झांसा देकर 3 अक्टूबर 2024 को कांकेर से रायपुर बुलाकर बस स्टैण्ड से अपने साथ गाड़ी में बैठाकर इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी के एक खाली मकान में ले गया तथा पीने के लिये जूस दिया।
जूस पीने के बाद प्रार्थिया बेसुध हो गई उसके बाद चन्द्रमा प्रसाद मिश्रा ने प्रार्थिया के साथ दुष्कर्म किया व उसका अश्लील वीडियो बना लिया। प्रार्थिया को होश आने पर आरोपी चन्द्रमा प्रसाद मिश्रा उसे बस स्टैण्ड ले जाकर बस में बैठा दिया। कुछ दिन बाद आरोपी चन्द्रमा प्रसाद मिश्रा ने प्रार्थिया को फोन कर पुनः रायपुर बुलाया तो उसने आने से मना किया, तब वह प्रार्थिया को उसका अश्लील वीडियो भेजा और नहीं आने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। अश्लील गाली गलौज, ब्लैकमेल कर कई बार दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर आरोपी के विरूद्ध थाना डी.डी.नगर में धारा 64(2), 296,351(3), 115(2) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध किया गया। थाना प्रभारी डी.डी. नगर के नेतृत्व में थाना डी.डी. नगर पुलिस की टीम द्वारा कड़ी कार्यवाही करते हुए आरोपी की पतासाजी करते हुये आरोपी चन्द्रमा प्रसाद मिश्रा को पकड़कर पूछताछ करने पर आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया। आरोपी चन्द्रमा प्रसाद मिश्रा को गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया गया है।
