कोरबा: कोरबा जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयसिंह अग्रवाल को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट को लेकर कलेक्टर अजीत वसंत ने नोटिस जारी किया है। उन्हें यह नोटिस फेसबुक पर एक पोस्ट साझा करने को लेकर दी गई है। नोटिस में उन्हें पोस्ट डिलीट करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
बीते दिन राज्यपाल रमन डेका का कोरबा दौर था, जहां अधिकारियों की समीक्षा बैठक के बाद राज्यपाल ने क्षेत्र का दौरा किया था। इसी दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता ननकी राम कंवर राज्यपाल से कावेरी विहार गेस्ट हाउस में मुलाकात करने गए थे और उन्होंने अपनी बात रखने के लिए एक ज्ञापन सौंपा था। इसी दौरान का फोटो पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने अपनी फेसबुक प्रोफाइल पर पोस्ट किया था। साथ ही लिखा था कि ‘छत्तीसगढ़ के वरिष्ठतम आदिवासी नेता का अपमान बहुत ही कष्टप्रद है। छत्तीसगढ़ के वरिष्ठतम आदिवासी नेता, पूर्व मंत्री ननकीराम कंवर खड़े हैं, जबकि राज्यपाल रमेन डेका जी के साथ कलेक्टर अजीत बसंत बैठे हुए हैं। यह जान और सुनकर अत्यंत पीड़ा हुई।’

कलेक्टर ने इस फेसबुक पोस्ट को “दुर्भावनापूर्ण” और “सामाजिक वर्गों के बीच गलत भावना फैलाने वाला” बताया। उनका कहना है कि यह प्रशासन और शासन की छवि को धूमिल करने की मंशा से किया गया।
कलेक्टर अजीत वसंत ने पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल को नोटिस जारी किया, जिसमें कहा गया कि उक्त पोस्ट को तत्काल डिलीट करें। ऐसा न करने की दशा में आम नागरिकों के मन में शासन और प्रशासन के प्रति असंतोष की भावना उत्पन्न होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है, जो कि भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत एक दण्डनीय अपराध की श्रेणी में आता है।

