रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना, सौतेले पिता ने बेटी के साथ किया दुष्कर्म
कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में शर्मनाक घटना हुई। एक पिता ने रिश्तों को शर्मसार करते हुए अपनी 9 साल की बेटी का रेप किया। आरोपी द्वारा उसकी बेटी के साथ मारपीट और गाली-गलौज करने का भी आरोप लगा है। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला दीपका थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि 38 वर्षीय अखिलेश कुजूर उर्फ बच्चन पांडेय की पहली पत्नी उसकी हरकतों से परेशान होकर छोड़कर चली गई थी। इसके बाद उसने एक शादीशुदा महिला से दूसरी शादी की। महिला की पहले से ही एक बेटी है। अखिलेश उन दोनों के साथ रहने लगा, लेकिन कुछ समय बाद दूसरी पत्नी भी उसे छोड़कर चली गई। उसकी 9 साल की बेटी अपने सौतेले पिता के साथ रहती थी और घर का कामकाज करती थी। आरोपी उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज भी करता था। इतना ही नहीं आरोपी अखिलेश उसके साथ दुष्कर्म करता था। पड़ोसियों को जब इस घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बुधवार की शाम आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि इस घटना के बाद से लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों ने इस पर सख्त से सख्त कार्यवाही की मांग की है। वहीं सहायक उपनिरीक्षक जीतेश सिंह ने बताया कि आरोपी घुमंतू प्रवृत्ति का था और कोई स्थायी रोजगार नहीं करता था। आरोपी पर पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
