कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में एसपी कार्यालय के सामने स्थित होटल में ठहरी एक महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह घटना देर रात लगभग 2 बजे की है, जिससे पूरे होटल में हड़कंप मच गया। आरोप है कि होटल में कार्यरत सफाई कर्मचारी ने महिला डॉक्टर के कमरे में घुसकर उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। पीड़िता के शोर मचाने पर अन्य स्टाफ मौके पर पहुंचे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की पहचान की और उसे हिरासत में ले लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है।
जानकारी के अनुसार कोरबा जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ट्रेनिंग के लिए सक्ती जिला से आए चार डॉक्टर टॉप इन टॉउन होटल में ठहरे थे। 2 महिला डॉक्टर ट्रेनिंग खत्म होने पर वापस चले गए थे, वहीं दो डॉक्टर अलग-अलग कमरे में रुकी हुईं थीं। आधी रात लगभग 2 बजे आरोपी खिड़की से कूदकर कमरे में प्रवेश कर गया और महिला डॉक्टर के साथ जबरदस्ती करने लगा। इस दौरान महिला डॉक्टर ने विरोध किया तो आरोपी ने चाकू से मौत के घाट उतारने की बात कहते हुए डराने-धमकाने लगा। महिला की शोर मचाने पर डरकर आरोपी मौके से भाग निकला।
घटना के बाद पूरे होटल में हड़कंप मच गया। वहीं घटना की सूचना पुलिस को दी गई, सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें आरोपी की पहचान होटल के सफाई कर्मी 35 वर्षीय राजा खड़िया के तौर पर हुई। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है और पूछताछ कर रही है।
घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों ने होटल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं और महिला सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
