बिजली दर बढ़ोतरी के खिलाफ कोरबा में कांग्रेस का हल्लाबोल, रैली निकालकर किया दफ्तर घेराव

2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले में बिजली दरों में हुई बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को ‘बिजली न्याय यात्रा’ रैली निकाली। कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष मनोज चौहान सहित लगभग 40 कार्यकर्ताओं विद्युत विभाग कार्यालय पाली पहुंचे। बिजली विभाग के दफ्तर का घेराव किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि आम जनता पर आर्थिक बोझ डाला जा रहा है और बिजली की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि से गरीब और मध्यम वर्ग की कमर टूट रही है।

मनोज चौहान ने कहा कि बिजली दरों में हुई बढ़ोतरी से सभी वर्ग प्रभावित हुए हैं, खासकर किसान। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था की स्थिति गंभीर है। कई क्षेत्रों में एक सप्ताह तक बिजली नहीं रहती। उन्होंने कहा कि हल्की बारिश और आंधी-तूफान में भी बिजली बंद कर दी जाती है। शिकायत करने पर भी विभाग के कर्मचारी समय पर नहीं पहुंचते हैं जिससे ग्रामीणों को हलाकान होना पड़ता है।

इधर, प्रदर्शन के दौरान कोरबा मुख्य मुड़ापार बुधवारी मार्ग पर एक कॉम्प्लेक्स में ट्रांसफॉर्मर से धुआं निकलने लगा। स्थानीय लोगों ने समय रहते आग पर काबू पाया। जबकि दूसरी घटना शहर के मुख्य मार्ग की है। जहां बिजली के खंभे में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। प्रदर्शन में शामिल नेताओं, ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि बिजली दरों में बढ़ोतरी वापस नहीं ली गई तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करने में बाध्य होगी।

Share This Article