कोरबा में आवारा कुत्तों का आतंकः  कुत्तों के झुंड ने घर घुसकर पालतू बिल्ली को बनाया निशाना, सीसीटीवी में कैद हुई घटना….

2 Min Read

 

कोरबा/दीपका:   कोरबा जिले में आवारा कुत्तों का आतंक दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला दीपका थाना क्षेत्र स्थित एसईसीएल आजाद कॉलोनी का है जहां कुत्तों के झुंड ने एक घर के अंदर घुसकर पालतू बिल्ली को घेरकर बेरहमी से मार डाला। यह पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।

सीसीटीवी कैमरे में साफ देखा जा सकता है कि पहले कुत्तों का झुंड क्वार्टर के आंगन का गेट खोलकर अंदर घुस गए। जिसके बाद पालतू बिल्ली को घेर लिया। इस दौरान बिल्ली भागने का प्रयास करती रही। लेकिन कुत्तों ने उसे मुंह से दबोच लिया उसे घर के बाहर ले गए और कुछ ही देर में मार डाला। घटना के बाद से परिवार वाले बेहद चिंतित हैं। मकान मालिक ने बताया कि वह एक साल पहले बिल्ली को बिलासपुर से लाए थे। बिल्ली को परिवार के सदस्य की तरह रखा जाता था। 

स्थानीय निवासियों के अनुसार, कॉलोनी में लंबे समय से आवारा कुत्तों की भरमार है। इससे पहले कॉलोनी में कुत्तों ने 7 साल की जया कुमारी को काटा था। कई बार बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों पर भी ये झुंड हमला कर चुके हैं। खासकर सुबह और रात के समय लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। बावजूद इसके नगर प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

इस घटना के बाद कॉलोनीवासियों में दहशत है। लोगों ने कहा कि यदि जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो आवारा कुत्तों का खतरा और बढ़ सकता है। कॉलोनी के लोगों ने नगर निगम और स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों को पकड़ने और उन्हें सुरक्षित रूप से शहर से बाहर ले जाने के लिए अभियान चलाया जाए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। इसके अलावा कुत्तों की नसबंदी कार्यक्रम को तेज करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इनकी संख्या नियंत्रित की जा सके।

Share This Article