महिला पंचायत सचिव की अधजली लाश मिलने से सनसनी, परिजनों ने जताया हत्या का संदेह
कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक गांव में पंचायत सचिव की अधजला शव उनके ही घर के कमरे में पाया गया है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला सिविल लाइन थाना रामपुर क्षेत्र का है। जहां हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में लाश मिली है। मृतिका की पहचान सुषमा खुसरों उम्र (26 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पोड़ो-उपरोड़ा ब्लॉक में पंचायत सचिव के पद पर कार्यरत थी। बताया जा रहा है कि सुषमा ने करीब डेढ़ साल पहले प्रेम विवाह किया था, जिसकी जानकारी उसने अपने परिजनों को नहीं दी थी। उसका पति अनिमेष कुमार (27 वर्ष) भी पंचायत सचिव है।
वहीं मृतिका सुषमा की मां ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती। उसकी हत्या कर और साक्ष्य छुपाने के लिए उसके शव को जलाने की कोशिश की गई है ।उनका कहना है कि सुषमा एक सीधी-सादी और शांत स्वभाव की थी, जो ऐसा कोई कदम नहीं उठा सकती। उन्होंने बताया कि उन्हें यह नहीं पता था कि बेटी शादीशुदा थी। वहीं मृतिका की मां ने समाज के डर से शव लेन जाने से इनकार कर दिया है।
मृतक महिला के पति ने पूछताछ में बताया कि 2023 में दोनों ने प्रेम विवाह किया था। प्रेम विवाह के बाद दोनों कोरबा में रहते थे और इसकी जानकारी उनके घर वालों को नहीं थी। फिलहाल पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी। वहीं पति से गहन पूछताछ की जा रही है।
