कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा शहर सहित करतला ब्लॉक में भारी बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हो गया है। क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ने वाला सड़क पर बना नाला तेज बारिश के कारण उफान पर है, जिससे कई गांवों का मुख्य सड़क से संपर्क टूट गया है। ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए बेहद कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी हो रही है। वहीं बीमार लोगों को अस्पताल पहुंचाने में भी भारी परेशानी हो रही है। कई ग्रामीण जोखिम उठाकर ही उफनते नाले को पार करने को मजबूर हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि हर साल बारिश के दौरान यही स्थिति बनती है, लेकिन प्रशासन की ओर से स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
वही दूसरी घटना उरगा थाना अंतर्गत ग्राम सुखरीखुर्द निवासी राजेश मनेवार (32वर्ष) सोन नदी में बहकर लापता हो गया। बताया जा रहा है कि राजेश तड़के सुबह अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए गया हुआ था नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया था और वह नदी किनारे गया ही हुआ था कि अचानक जलस्तर और बढ़ गया और वह बह गया। बाकी दोस्तों ने इसकी जानकारी उनके परिजनों और ग्रामीणों को दी। लोगों ने अपने स्तर से भी उसे खोजने की कोशिश की लेकिन अब तक पता नहीं चल सका है। वहीं सूचना मिलते ही उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्कयू ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन तेज बहाव के कारण परेशानी हो रही है। अभी तक युवक का कुछ पता नहीं चल सका है।
प्रशासन ने चेतावनी जारी करते हुए लोगों से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति उफनते नाले या नदी को पार न करें। साथ ही संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और हालात पर लगातार निगरानी की जा रही है।
