कोरबा/पाली: कोरबा जिले के बंधाखार ग्राम में पाली-दीपका मुख्य मार्ग पर आज एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यह दुर्घटना तिवरता पेट्रोल पंप के पास हुई, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, मृत युवक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में शामिल चारों लोग एक ही वाहन में सवार थे। बताया जा रहा है कि बाइक सवार चार लोग खरमोला निवासी अभय एवं नूनेरा निवासी तीन युवतियां राधा, रौशनी और आँचल कनकी मेला जा रहे थे। इसी बीच ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में अभय की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई, जबकि तीनों युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की मदद से 112 वाहन के माध्यम से घायलों को तत्काल पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार जारी है। वहीं पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
यह क्षेत्र लगातार हो रही दुर्घटनाओं के चलते अब ‘अत्यंत संवेदनशील’ हो गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि महज एक महीने पहले भी ठीक इसी स्थान पर एक और सड़क हादसा हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति की जान चली गई थी।
