कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में भारी बारिश के चलते कुआं धंसने से मलबे में दबे 25 फीट गहराई से दो शव निकाले जा चुके हैं। इनमें से एक की पहचान मृतक पिता के रूप में हुई है, जबकि दूसरे शव की शिनाख्त की जा रही है। वहीं तीसरे सदस्य की तलाश फिलहाल जारी है।
कटघोरा थाना क्षेत्र के बनवार गांव में भारी बारिश के कारण एक बड़ा हादसा हो गया। 29 जुलाई की सुबह एक कुआं अचानक धंस गया, जिसकी चपेट में एक ही परिवार के तीन सदस्य आ गए। ये तीनों-पति, पत्नी और उनका बेटा-कुएं से मोटर पंप निकालने की कोशिश कर रहे थे, तभी हादसा हो गया और सभी मलबे में दब गए।
एसडीआरएफ की टीम ने रात ढाई बजे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, लेकिन लगातार बारिश और मिट्टी के धंसने के कारण अभियान को बीच में ही रोकना पड़ा। बुधवार सुबह एक बार फिर रेस्क्यू शुरू किया गया। राहत कार्य में पोकलेन मशीन लगाई गई है और कुएं के समानांतर खुदाई कर शवों को ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन और बचाव दल लगातार राहत कार्य में जुटे हुए हैं।
