कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के पाली ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत मुड़ापार से खिसोरा जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह से जर्जर हो चुका है। बारिश के चलते यह रास्ता कीचड़, पानी और दलदल में तब्दील हो गया है। बड़े-बड़े गड्डों के कारण राहगीरों, खासकर स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं और रोज़ी-रोटी के लिए दीपका खदान आने-जाने वाले मज़दूरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मार्ग की हालत इस कदर खराब है कि बच्चे स्कूल जाते समय फिसलकर गिर जाते हैं और चोटिल हो रहे हैं। इससे न केवल शारीरिक हानि हो रही है, बल्कि उनकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों में इस स्थिति को लेकर भारी आक्रोश है और शासन-प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग के लिए लगभग 1.60 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद पटेल द्वारा इस मार्ग का भूमि पूजन भी किया जा चुका है। बावजूद इसके, ठेकेदार ने लापरवाही दिखाते हुए भरी बारिश में मुरुम और मिट्टी डालकर अधूरा काम छोड़ दिया, जिससे यह सड़क पूरी तरह दलदल में तब्दील हो गई है।
गांव के प्रमुख, जनप्रतिनिधि और पंचायत के जिम्मेदार लोग भी इस मार्ग की बदहाल स्थिति को देखकर अनदेखा कर रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार की गैर-जिम्मेदाराना कार्यप्रणाली और प्रशासन की उदासीनता के कारण आम जनता को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन और जिला कलेक्टर से गुहार लगाई है कि जल्द से जल्द इस सड़क की मरम्मत और निर्माण कार्य पूर्ण कराया जाए। साथ ही ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों को आशा है कि जिला प्रशासन इस गंभीर समस्या पर ध्यान देगा और आम जनजीवन को राहत प्रदान करेगा।
