कोरबा/पाली (उतरदा): पाली ब्लॉक के ग्राम पंचायत उतरदा स्थित रेलडबरी मोहल्ले में मंगलवार दोपहर 2:51 बजे एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई। एक अज्ञात युवक ने किराना दुकान में घुसकर संचालक की पत्नी कुंजमती पटेल के गले से सोने का लॉकेट छीन लिया और बाइक सवार साथी के साथ फरार हो गया।
यह मोहल्ला स्थानीय विधायक का निवास क्षेत्र भी है। सूट-बूट और चश्मा पहने एक युवक ग्राहक बनकर दुकान में घुसा और राजश्री गुटखा मांगा। जैसे ही कुंजमती गुटखा देने हाथ बढ़ाया, युवक ने झपट्टा मारकर लॉकेट छीना और दौड़कर बाहर खड़ी बाइक पर सवार हो गया। पूरी वारदात कुछ ही सेकंड में अंजाम दी गई।
घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में स्पष्ट रूप से कैद हो गई है। आरोपी का चेहरा वीडियो में दिख रहा है और यह फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इससे इलाके में दहशत और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर आक्रोश फैल गया है। घटना के बाद पीड़िता ने हरदीबाजार थाने में FIR दर्ज कराई। पुलिस ने CCTV फुटेज जब्त कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।
विधायक निवास क्षेत्र में हुई इस वारदात ने नागरिकों को झकझोर दिया है। लोगों ने सवाल उठाया है कि जब यहां सुरक्षा नहीं, तो बाकी इलाकों की हालत क्या होगी? नागरिकों ने रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और CCTV निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
