कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना हुई। खेत में काम कर रही 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। मृतका की पहचान सिहारिन बाई के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम बनधवाभाठा का है। घटना के समय सिहारिन बाई अपने बेटे सुरेश यादव के साथ खेत में काम कर रही थीं। दोनों अलग-अलग खेतों में थे। तभी अचानक सिहारिन बाई के चीखने की आवाज सुनकर सुरेश दौड़ते हुए मौके पर पहुंचा। उसने देखा कि उनकी मां पर मधुमक्खियों का झुंड टूट पड़ा है और वह खेत में गिर गई हैं।
सुरेश ने बिना समय गंवाए मां को कंधे पर उठाया और घर की ओर भागा। इस दौरान मधुमक्खियों ने उसे भी डंक मारकर घायल कर दिया। झुंड गांव तक पीछा करता रहा, जिससे आसपास के लोग भी दहशत में आ गए। परिजन तुरंत सिहारिन बाई को निजी वाहन से जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतका के दामाद संत राम ने बताया कि जिस खेत के पास वे काम कर रहे थे, वहां एक पेड़ पर मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता था। उनका कहना है कि एक-दो मधुमक्खियों के डंक से आमतौर पर मौत नहीं होती, लेकिन जब झुंड एक साथ हमला कर देता है, तो शरीर पर जहर की मात्रा ज्यादा हो जाती है, जिससे गंभीर स्थिति बन जाती है।
जिला मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर आदित्य सिसोदिया ने बताया कि मधुमक्खी के डंक से शरीर में हाइपरसेंसिटिव रिएक्शन हो सकता है। मधुमक्खी काटने के बाद एक विशेष रसायन छोड़ती है, जिससे सांस लेने में कठिनाई, सूजन, एलर्जिक शॉक और कभी-कभी मौत भी हो सकती है। उन्होंने कहा कि अगर किसी को कई मधुमक्खियां काटें, तो तुरंत उसकी सांस और ऑक्सीजन सेचुरेशन जांचना चाहिए। ऐसे मामलों में तुरंत स्टेरॉयड दवा देना और वेंटिलेटर सुविधा वाले नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराना जरूरी है। गांव में इस घटना के बाद भय का माहौल है।
