पिकनिक के दौरान बड़ा हादसा, खूंटाघाट बांध में डूबने से युवक की मौत
बिलासपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले के खूंटाघाट बांध में बुधवार शाम पिकनिक के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। युवक अपने कुछ दोस्तों के साथ पहुंचा था। खाना बनाने के बाद सभी नहाने उतरे, इसी दौरान युवक गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 25 वर्षीय विशाल मानकर के रूप में हुई है, जो मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के परसोरा गांव का रहने वाला था। फिलहाल वह कोरबा जिले के दीपका क्षेत्र में काम कर रहा था। विशाल अपने छह दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने खूंटाघाट जलाशय पहुंचा था। सभी ने मिलकर खाना बनाया और फिर नहाने के लिए पानी में उतरे। नहाते समय विशाल अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते वह नजरों से ओझल हो गया। दोस्तों ने उसे खोजने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की गई। अंधेरा हो जाने की वजह से रात में सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा। गुरुवार सुबह एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम ने पुनः तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद बांध के एक छोर पर बने गहरे गड्ढे से उसका शव बरामद किया गया। माना जा रहा है कि विशाल को तैरना नहीं आता था, जिसके चलते वह पानी से बाहर नहीं निकल सका और डूब गया। घटना के बाद से परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
बता दें कि इन दिनों खूंटाघाट जलाशय पूरी तरह लबालब भरा हुआ है और पानी का बहाव भी तेज है, जिससे हादसे की संभावना और बढ़ जाती है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
