कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: छत्तीसगढ़ राज्य विधिज्ञ परिषद चुनाव 2025 में कोरबा के वरिष्ठ और नामी अधिवक्ता अशोक तिवारी ने गुरुवार को अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान उनके साथ न केवल वरिष्ठ अधिवक्ता मौजूद थे बल्कि बड़ी संख्या में युवा अधिवक्ताओं का भी जबरदस्त समर्थन दिखाई दिया।
अशोक तिवारी इससे पहले हुए चुनाव में सदस्य निर्वाचित होकर राज्य अनुशासन समिति के चेयरमैन बने थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने अधिवक्ताओं के हित में कई महत्वपूर्ण कार्य किए और अधिवक्ता समुदाय में नैतिक गुणवत्ता के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
करीब 11 वर्ष के लंबे अंतराल के बाद हो रहे इस चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। अशोक तिवारी के समर्थकों का कहना है कि उनका अनुभव, निष्पक्ष कार्यशैली और अधिवक्ता हितैषी दृष्टिकोण इस बार भी उन्हें मजबूत दावेदार बनाता है।

अपनी दमदार और निर्विरोध छवि तथा आपसी सामंजस्य से काम करने की काबिलियत के कारण अशोक तिवारी को कोरबा, कटघोरा, पाली, करतला ही नहीं, बल्कि पूरे बिलासपुर संभाग से चौतरफा और आत्मीय समर्थन मिल रहा है। लंबे अनुभव और कर्मठता के चलते वरिष्ठ अधिवक्ताओं में उनकी गहरी पैठ है, वहीं स्वच्छ और निर्विवाद छवि के कारण वे युवा और महिला अधिवक्ताओं के भी आदर्श बने हुए हैं। यही वजह है कि वे इस चुनाव में पहली पसंद के रूप में उभर रहे हैं और समर्थकों का मानना है कि वे भारी मतों से जीत हासिल करेंगे।
नामांकन के दौरान कोरबा सहित अन्य जिलों से पहुंचे अधिवक्ताओं ने रैली और नारों के साथ अपने नेता के प्रति समर्थन जताया। चुनावी माहौल के बीच अशोक तिवारी का यह कदम आने वाले दिनों में मुकाबले को और रोचक बना सकता है।
