कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में बुधवार रात एक दोस्ती खून में रंग गई। दो दोस्त साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। जहां एक युवक ने गुस्से में आकर अपने ही दोस्त का चाकू से गला रेत दिया। आसपास मौजूद लोगों ने घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। सर्वमंगला फोकटपारा में निकोलस पाल और मुकेश दुबे शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हुई। विवाद बढ़ने पर निकोलस ने मुकेश के गले पर चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया। जैसे तैसे मुकेश अपने घर पहुंचा। मुकेश के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। मुकेश को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोतवाली थाना प्रभारी एमबी पटेल ने बताया कि आरोपी निकोलस पाल के खिलाफ धारा 307 के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। कमल दुबे पेंटर का काम करता है जबकि निकोलस पॉल गैराज में काम करता है। दोनों की जान पहचान पहले से थी और दोनों के बीच पुराना विवाद चला आ रहा था। पुराने विवाद के चलते ही निकोलस पॉल ने कमल दुबे के ऊपर जानलेवा हमला किया है। फिलहाल कमल दुबे की हालत सामान्य बताई जा रही है। पुलिस फरार आरोपी निकोलस पॉल की सरगर्मी से खोजबीन में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि हमलावर निकोलस पाल को जल्द ही गिरफ्तार कर लेगी।
