नदी में मछली पकड़ने के दौरान बड़ा हादसा, युवक की डूबने से हुई मौत
बिलासपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले के लावर गांव के पास अरपा नदी में शनिवार को एक युवक की लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नकुल केंवट के रूप में हुई है। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार नकुल शनिवार को गांव लावर के पास अरपा नदी में मछली पकड़ने गया हुआ था। इस दौरान वह नदी में डूब गया। कुछ समय बाद स्थानीय लोगों ने उसकी लाश को नदी में तैरते हुए देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। आश्चर्य की बात यह रही कि मृतक के सिर के हिस्से पर खून के निशान पाए गए। इससे मौत की वजह को लेकर कई तरह की आशंकाएँ सामने आने लगी हैं। फिलहाल पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। प्रारंभिक जांच में मामला डूबने से मौत का प्रतीत होता है, पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है।
