कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिनांक 15 अगस्त को शहर की यातायात व्यवस्था एवं सार्वजनिक शांति बनाए रखने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न थाना/चौकियों एवं यातायात पुलिस द्वारा मॉडिफाई साइलेंसर लगाने वाले वाहन चालकों पर विशेष अभियान चलाया गया।
इस अभियान में तेज गति से वाहन चला रहे, लापरवाह ड्राइविंग एवं खतरनाक स्टंट कर रहे, तथा तेज आवाज वाले मॉडिफाई साइलेंसर के माध्यम से शहर में उपद्रव फैला रहे वाहन चालकों पर कार्यवाही की गई। जिसमें थाना मानिकपुर- 7, थाना सीएसईबी- 2, थाना सर्वमंगला- 1, यातायात पुलिस- 15 सहित कुल 25 मामले दर्ज किए गए।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि दोबारा उपद्रव मचाने वालों पर और भी कठोर कार्रवाई की जाएगी, जिसमें वाहन ज़ब्ती और जेल की सजा भी शामिल होगी।
