कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के कटघोरा वनमंडल के अंतर्गत आने वाले पसान रेंज में इस समय करीब 45 से 50 जंगली हाथियों का दल सक्रिय है। बीते एक सप्ताह से ये हाथी गौरेला ढांढ सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में भ्रमण कर रहे हैं और अब तक कई बार बस्ती में घुसपैठ कर चुके हैं।
ताजा मामला गौरेला ढांढ गांव का है जहां हाथियों ने दो मकानों को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया है। इस घटनाक्रम से गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीण अब अपनी रातें जैसे तैसे करके बिता रहे हैं। हाथियों की धमक से लोग इतना भयभीत हैं कि गांव में रुकना भी जोखिमभरा हो गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि सामुदायिक भवन पिछले 10 वर्षों से अधूरा पड़ा है। भवन की छत अधूरी है, दीवारें कमजोर हैं और वह किसी भी प्रकार से सुरक्षित नहीं है। आपात स्थिति में ग्रामीण यहां शरण नहीं ले सकते। स्ट्रीट लाइट की नींव खोद कर छोड़ दी गई है। गांव में कभी स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना शुरू हुई थी, लेकिन सिर्फ खंभों की नींव खोदने के बाद कार्य रोक दिया गया। बिजली के तार चोर उठा ले गए हैं। जहां-जहां बिजली के तार बिछाए गए थे, वहां से चोरों ने उन्हें काटकर चुरा लिया, जिससे पूरा गांव अंधेरे में डूबा हुआ है। इस गहरे अंधेरे में जब हाथियों का झुंड गांव में प्रवेश करता है, तो उसकी भनक तक ग्रामीणों को नहीं लगती। तब तक देर हो चुकी होती है।
