कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: शहर में दहशत फैलाने वाले लुटेरों के गिरोह का आखिरकार पर्दाफाश हो गया है। कोरबा पुलिस ने सिलसिलेवार लूट की वारदातों में शामिल 2 नाबालिग सहित आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने लूटी गई बाइक, मोबाइल, नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में प्रमोद उर्फ कल्लु, विष्णु उर्फ छोटू, विकास, राजा बाबू, संदीप, राहुल और दो नाबालिग शामिल हैं। सभी आरोपी बांकीमोंगरा, कुदरीपारा और दर्री इलाके के रहने वाले हैं। पूछताछ में आरोपियों ने लगातार कई लूट की वारदातें करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार यह गिरोह बकायदा रेकी कर वारदातों को अंजाम देता था। 22 सितंबर की रात को सुमेधा पुल पर युवक अमित सिंह से बाइक, मोबाइल और नकदी लूटी गई थी। यही नहीं बदमाशों ने उसे पुल से फेंकने की भी कोशिश की थी। वहीं बलगी इलाके में एक युवती को निशाना बनाया गया, जबकि एचपी पेट्रोल पंप पर कर्मचारी दिलबोध यादव से मारपीट कर नकदी लूटी गई। आरोपी बाइक पर सवार होकर आते थे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते थे।
इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। एएसपी नीतिश ठाकुर के नेतृत्व में गठित टीम ने साइबर सेल, बांकीमोंगरा और दर्री थाना पुलिस के साथ मिलकर सटीक सुरागों के आधार पर आरोपियों को धरदबोचा। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं।
