कोरबा-चांपा मार्ग पर सीतामणी के पास सड़क बदहाल, हादसों का बढ़ा खतरा

2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा-चांपा मार्ग अंतर्गत गौमाता चौक, सीतामणी के पास मुख्य सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है। लगातार हो रही बारिश के चलते सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें पानी भर जाने से दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ गया है।

गौमाता चौक से लगभग 200 मीटर आगे तक सड़क पर पानी भरे गड्डों की भरमार है। गड्डों की गहराई का अंदाजा न लग पाने के कारण कई बाइक सवार अनियंत्रित होकर गिर चुके हैं। इस स्थिति से बचने के लिए वाहन चालक अब गलत दिशा से आवाजाही करने को मजबूर हैं, जिससे सड़क पर जाम और टक्कर की स्थिति उत्पन्न हो रही है।

मानिकपुर खदान से राखड़ परिवहन में लगे भारी मालवाहक वाहन भी इसी मार्ग से गुजरते हैं, जिससे सड़क की हालत और भी बिगड़ गई है। इमलीडुग्गू चौक से लेकर भिलाईखुर्द मोड़ तक की सड़क जगह-जगह से उखड़ चुकी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित विभाग को कई बार शिकायत की गई है, लेकिन अब तक सड़क मरम्मत का कोई ठोस प्रयास नहीं किया गया है। जनता और राहगीरों की मांग है कि प्रशासन जल्द से जल्द इस मार्ग की मरम्मत कराए, ताकि हादसों पर रोक लगाई जा सके।

Share This Article