रायपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: राज्यभर के धान खरीदी केंद्रों में कर्मचारियों की हड़ताल के बीच कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने स्पष्ट किया है कि सरकार किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि पात्र किसानों से धान खरीदी हर परिस्थिति में सुनिश्चित की जाएगी।
मंत्री नेताम के अनुसार हड़ताली कर्मचारियों से सरकार और प्रशासन ने कई दौर की बातचीत की, लेकिन सकारात्मक परिणाम नहीं निकला। इसके बावजूद सरकार ने धान खरीदी प्रक्रिया को सुचारू रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था पर तेजी से काम शुरू कर दिया है।
सरकार की प्राथमिकता— किसानों को बिना बाधा धान खरीदी
नेताम ने कहा, “किसानों की मेहनत और हित हमारी पहली प्राथमिकता है। धान खरीदी किसी भी कीमत पर रुकने नहीं दी जाएगी। स्थानीय प्रशासन और सहकारी समितियों को वैकल्पिक व्यवस्था लागू करने के निर्देश दे दिए गए हैं।”
कोचियों और बिचौलियों पर सख्त निगरानी
मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना सरकार का प्रमुख लक्ष्य है। “सिर्फ पात्र किसानों का धान खरीदा जाएगा। कोचियों या बिचौलियों का धान लेने पर पूरी तरह रोक रहेगी और नियमों के दुरुपयोग पर सख्त कार्रवाई होगी,” उन्होंने कहा।