कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक ऑटो पार्ट्स गोदाम में लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचा दी। पोंडी-उपरोड़ा बस स्टैंड के पास स्थित ईश्वर ऑटो पार्ट्स के गोदाम में अचानक आग भड़क उठी, जिसमें अंदर रखी करीब 25 बाइक और रिपेयरिंग का सारा सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार, देर रात कुछ अज्ञात लोगों ने गोदाम के पास मौजूद कचरे में आग लगा दी। देखते ही देखते आग बढ़ती चली गई और गोदाम तक पहुंच गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया।
सूचना मिलते ही बांगो पुलिस, कटघोरा नगर पालिका और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक गोदाम का पूरा सामान नष्ट हो चुका था।
गोदाम संचालक ईश्वर ने बताया कि कई वाहन रिपेयरिंग के लिए खड़े थे और कुछ बनकर तैयार भी थे। आगजनी से उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
एडिशनल एसपी नीतिश ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर लिया है और आग लगने के कारणों की जांच जारी है। यदि किसी शरारती तत्व की भूमिका सामने आती है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।