कोरबा: रेलवे नोटिस के विरोध में इंदिरा नगर के 250 परिवार सड़क पर, मुख्य चौक पर अनिश्चितकालीन धरना, वाहनों की लगी लंबी कतारें, देखें वीडियो…..

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा शहर के इंदिरा नगर बस्ती में रेलवे द्वारा लगभग 250 परिवारों को मकान खाली करने का नोटिस दिए जाने के बाद विरोध तेज हो गया है। अपनी मांगों को लेकर बस्ती के सैकड़ों लोग मंगलवार को पवन टॉकीज के पास स्थित शहर के मुख्य चौक पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई।

धरने के चलते चौक के चारों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि रेलवे प्रशासन ने बिना समुचित सीमांकन और विस्थापन की प्रक्रिया पूरी किए ही मकान खाली करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार को रेलवे अधिकारियों द्वारा घरों पर निशान लगाए जाने के बाद आक्रोशित लोगों ने स्टेशन परिसर का घेराव कर प्रदर्शन किया था।

सोमवार के आंदोलन के बाद मंगलवार को रणनीति बदलते हुए प्रदर्शनकारियों ने शहर के सबसे व्यस्त चौक को धरना स्थल बनाया। वार्ड पार्षद तामेश अग्रवाल ने बताया कि लोगों की स्पष्ट मांग है कि जब तक सही सीमांकन, मुआवजा और पुनर्वास की व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक वे अपने घर खाली नहीं करेंगे।

नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू ने भी प्रदर्शनकारियों का समर्थन करते हुए कहा कि पूर्व में रेलवे की ओर से अतिक्रमण हटाने के दौरान प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिया गया था। उन्होंने मांग की कि इंदिरा नगर के प्रभावित परिवारों को भी मुआवजा दिया जाए और पहले वैकल्पिक आवास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि उनकी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

Share This Article