रायपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य की कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। गृह (पुलिस) विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 24 वरिष्ठ अधिकारियों का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया गया है। इस बदलाव में आईजी, डीआईजी, एआईजी सहित कई जिलों के पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्तर के अधिकारी शामिल हैं।
तबादला सूची में सबसे अहम बदलाव राजनांदगांव रेंज में किया गया है। नेताजी सुभाषचंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी, चंदखुरी के निदेशक रहे वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अजय कुमार यादव को राजनांदगांव रेंज का नया पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) नियुक्त किया गया है। वहीं, राजनांदगांव के आईजी बालाजी राव सोमावर और बस्तर आईजी प्रशांत कुमार अग्रवाल को पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू), नया रायपुर में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।



सरकार के इस व्यापक फेरबदल को पुलिस प्रशासन को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि नई पदस्थापनाओं से जिलों में कानून-व्यवस्था के साथ-साथ पुलिसिंग व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी। गृह विभाग का आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
