कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: 55 करोड़ रुपये की कथित ठगी के आरोपी तक पहुंचने की जल्दबाजी में कटघोरा पुलिस की टीम ने निर्धारित प्रक्रिया से अलग जाकर हवाई सफर किया, लेकिन यही कदम अब पुलिसकर्मियों पर भारी पड़ गया। उच्च अधिकारियों की अनुमति के बिना दिल्ली जाने के लिए विमान से यात्रा करने के मामले में कटघोरा थाना प्रभारी निरीक्षक मोती बी. पटेल समेत 8 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई बिलासपुर रेंज के आईजी द्वारा कराई गई जांच के बाद की गई है। जांच में बिना अनुमति हवाई यात्रा करने के साथ अन्य प्रक्रियागत अनियमितताओं की बात भी सामने आई है।
आरोपी की तलाश में दिल्ली गई थी टीम
मामला जेसीबी एजेंसी के नाम पर एक व्यापारी से हुई कथित 55 करोड़ रुपये की ठगी से जुड़ा है। आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी के लिए कटघोरा पुलिस की टीम को दिल्ली रवाना होना था। पुलिसकर्मियों के लिए नियमानुसार ट्रेन से यात्रा करने के निर्देश बताए जा रहे हैं।
आरोप है कि थाना प्रभारी एम. बी. पटेल ने पीड़ित व्यापारी की ओर से उपलब्ध कराई गई राशि से टीम के लिए विमान के टिकट बुक कराए और पुलिसकर्मियों के साथ हवाई यात्रा की।
जांच में सामने आईं कई अनियमितताएं
पुलिस टीम के विमान से दिल्ली जाने की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचने के बाद मामले की जांच शुरू हुई। जांच में बिना सक्षम अनुमति हवाई यात्रा करने और निर्धारित शासकीय प्रक्रिया का पालन नहीं करने की बात सामने आई। अधिकारियों के मुताबिक जांच के दौरान पांच हवाई यात्राओं समेत अन्य अनियमितताओं की जानकारी भी सामने आई है।
इन 8 पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज
- निरीक्षक मोती बी. पटेल
- उप निरीक्षक राम पाण्डेय
- प्रधान आरक्षक गुनाराम सिन्हा
- प्रधान आरक्षक गोपाल यादव
- प्रधान आरक्षक राजेश कंवर
- आरक्षक प्रदीप राठौर
- आरक्षक सुशील यादव
- आरक्षक प्रशांत सिंह
कटघोरा थाने का बदला प्रभार
निरीक्षक एम. बी. पटेल को कुछ महीने पहले ही कोरबा कोतवाली से कटघोरा थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई थी। उनके निलंबन के बाद दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू को कटघोरा थाने का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं दीपका थाने की जिम्मेदारी धर्म नारायण तिवारी को दी गई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक 55 करोड़ रुपये की ठगी के आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का दबाव था। इसी दौरान पुलिस टीम ने निर्धारित यात्रा प्रक्रिया से हटकर हवाई सफर किया। हालांकि आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर जल्दबाजी के बावजूद सक्षम अनुमति के बिना नियमों से हटकर की गई यात्रा को गंभीरता से लिया गया।
