कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: दीपका थाना क्षेत्र के लिटियाखार गांव में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार बाइक मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों नाबालिगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान राजा नेटी (14 वर्ष) और करण चौहान (16 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि करण बाइक चला रहा था, जबकि राजा पीछे बैठा था। दोनों तिवरता से लिटियाखार की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक मोड़ पर बाइक का संतुलन बिगड़ा और वह सीधे पेड़ से जा टकराई।
टक्कर के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई बाइक
हादसे में दोनों को सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में दीपका पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हीरो डीलक्स बाइक क्रमांक CG 12 BQ 4982 को अपने कब्जे में ले लिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों नाबालिगों ने हेलमेट नहीं पहना था। तेज रफ्तार और मोड़ पर बाइक का नियंत्रण बिगड़ना हादसे की बड़ी वजह मानी जा रही है। टक्कर के बाद बाइक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
देर रात होने के कारण दोनों शवों को अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया। शनिवार सुबह पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की कार्रवाई की गई फिलहाल दीपका पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
