कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: विद्युत टावर को गिराकर उसमें लगे एल्युमिनियम कंडक्टर वायर की चोरी करने वाले दो आरोपियों को बालको नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से चोरी किया गया करीब ₹65 हजार कीमत का एल्युमिनियम कंडक्टर वायर शत-प्रतिशत बरामद कर लिया है। आरोपियों ने चोरी के लिए विद्युत टावर को क्षतिग्रस्त कर गिरा दिया था, जिससे शासकीय संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा।
पेट्रोलिंग के दौरान गिरा मिला विद्युत टावर
पुलिस के अनुसार 3 और 4 सितंबर 2026 की दरम्यानी रात अंबेडकर चौक, भदरापारा, बालको से CSEB की ओर जाने वाले मार्ग पर पेट्रोलिंग के दौरान विद्युत टावर क्षतिग्रस्त और जमीन पर गिरा हुआ मिला। जांच करने पर पता चला कि अज्ञात लोगों ने टावर को गिराकर उसमें लगे एल्युमिनियम कंडक्टर वायर को काटकर चोरी कर लिया था।
मामले की सूचना मिलने पर 4 सितंबर को थाना बालको नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूला अपराध
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के क्षेत्र में पूछताछ शुरू की। संदिग्धों की गतिविधियों और उपलब्ध जानकारी के आधार पर पुलिस ने दो युवकों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों ने विद्युत टावर गिराकर उसमें लगे एल्युमिनियम कंडक्टर वायर को काटकर चोरी करना स्वीकार कर लिया।
इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया एल्युमिनियम कंडक्टर वायर पूरी मात्रा में बरामद कर विधिवत जब्त कर लिया।
ये दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में गगन टंडन (25 वर्ष), पिता महावीर टंडन, निवासी अंबेडकर चौक, भदरापारा, बालको नगर तथा वासु साण्डे उर्फ चिंटू (18 वर्ष 8 माह), पिता मोहन लाल, निवासी अंबेडकर चौक, भदरापारा, बालको नगर को गिरफ्तार किया है।
शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने पर भी कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने चोरी के दौरान विद्युत टावर को गिराकर शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। मामले में थाना बालको नगर में अपराध क्रमांक 528/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 136, 139, लोक संपत्ति का नुकसान का निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3 तथा बीएनएस की धारा 61, 303(2), 3(5) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
बालको नगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से न केवल चोरी का खुलासा हुआ, बल्कि चोरी गए माल की शत-प्रतिशत बरामदगी भी सुनिश्चित की गई है।
