हसदेव नदी में बहे 15 वर्षीय किशोर का दो दिन बाद मिला शव; इधर खेत में अज्ञात लाश मिलने से मचा हड़कंप

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग जगहों पर शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। कुदुरमाल में हसदेव नदी के एनीकट में नहाते समय तेज बहाव में लापता हुए 15 वर्षीय किशोर का शव दो दिन की तलाश के बाद बरामद कर लिया गया। दूसरी ओर पचपेड़ी गांव के खेत में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव पुलिस के लिए उलझी हुई गुत्थी बना हुआ है। मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका ने मामले को गंभीर बना दिया है।

दो दिन बाद नदी से मिला किशोर का शव

कुदुरमाल गांव निवासी 15 वर्षीय सूरज महंत गुरुवार सुबह हसदेव नदी के एनीकट में नहाने गया था। इसी दौरान नदी का बहाव अचानक तेज हुआ और वह पानी की धार में बह गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी जानकारी परिजनों और उरगा पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नवीन पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। नगर सेना के गोताखोरों की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। लगातार बारिश और बांगो बांध से पानी छोड़े जाने के कारण हसदेव नदी का जलस्तर और बहाव काफी तेज था, जिसके चलते रेस्क्यू टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

लगातार दो दिन तक चले तलाशी अभियान के बाद शनिवार को कटबीतला गांव के पास नदी में सूरज का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

खेत में मिला शव, चोट के निशानों ने बढ़ाया संदेह

इधर, पचपेड़ी गांव में एक खेत के भीतर अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। यह शव PDS सोसाइटी भवन के पास खेत में मिला। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार मृतक के सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में चोट के निशान पाए गए हैं। शव से दुर्गंध आने के आधार पर उसके करीब तीन से चार दिन पुराना होने का अनुमान लगाया जा रहा है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।

पहचान के लिए गांव-गांव भेजी जा रही सूचना

मृतक की पहचान करना पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। आसपास के गांवों के कोटवारों और WhatsApp ग्रुप के माध्यम से शव की जानकारी साझा कर पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस हत्या की आशंका के साथ अन्य संभावित कारणों को भी ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

एक ही थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग घटनाओं में शव मिलने से स्थानीय लोगों में भी चर्चा का माहौल है। पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है।

Share This Article