220 केवी विद्युत लाइन के केबल चोरी का खुलासा, 1 आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो…..

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिले के उरगा थाना क्षेत्र में मिश्रा ट्रेडर्स के यार्ड से 220 केवी विद्युत लाइन के एल्युमिनियम केबल चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे और निशानदेही पर चोरी में इस्तेमाल ट्रैक्टर व मोटरसाइकिल सहित करीब एक टन तार बरामद किया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश और चोरी की संपत्ति के संबंध में जांच जारी है।

पुलिस के मुताबिक मिश्रा ट्रेडर्स के यार्ड में खुले स्थान पर 220 केवी विद्युत लाइन के एल्युमिनियम केबल रखे हुए थे। 31 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे के बाद अज्ञात चोरों ने यार्ड में रखे केबल पार कर दिए। चोरी गए तार की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रार्थी ने 5 सितंबर को थाना उरगा में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर आरोपी तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि राकेश पटेल निवासी भिलाई खुर्द के बाड़ी में चोरी का केबल छिपाकर रखा गया है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर मिश्रा ट्रेडर्स के यार्ड से एल्युमिनियम केबल चोरी करने की बात स्वीकार की।

पुलिस के अनुसार चोरी के बाद केबल को आरोपी के घर के पीछे स्थित बाड़ी में ले जाया गया, जहां एल्युमिनियम अलग करने के बाद उसे कबाड़ी को बेच दिया गया।

ट्रैक्टर और बाइक समेत करीब एक टन तार बरामद

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की घटना में इस्तेमाल किए गए ट्रैक्टर क्रमांक CG 12 BB 0653 और मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BT 7571 को जब्त किया है। इसके अलावा पुलिस ने करीब एक टन जीआई तार/चोरी का तार भी बरामद किया है।

पुलिस ने बरामद सामग्री को विधिवत जब्त कर लिया है। मामले में गिरफ्तार आरोपी की पहचान राकेश पटेल (30), पिता स्व. राम प्रसाद पटेल, निवासी भिलाई खुर्द पुल के पास, थाना उरगा, जिला कोरबा के रूप में हुई है।

आरोपी को 5 सितंबर की शाम 5:20 बजे गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को देने के साथ उसे गिरफ्तारी के आधार से भी अवगत कराया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की गई है। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों और चोरी की शेष संपत्ति के संबंध में जांच कर रही है।

Share This Article