कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: मोबाइल और इंटरनेट की बढ़ती निर्भरता के बीच कोरबा से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। करतला थाना क्षेत्र के केराकछार गांव में 52 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर मोबाइल पर रील नहीं चलने से नाराज होकर अपनी जान दे दी। महिला की इलाज के दौरान कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मौत हो गई।
मृतका की पहचान मंगलो बाई के रूप में हुई है। वह पति प्रेमलाल सारथी और तीन बच्चों के साथ गांव में रहती थी। परिजनों के मुताबिक, मंगलो बाई को मोबाइल पर रील और सीरियल देखने की आदत थी।
खाना खाते समय अचानक चला गया नेटवर्क
बताया गया कि शनिवार दोपहर करीब 12 बजे मंगलो बाई खाना खाते हुए मोबाइल पर रील देख रही थी। इसी दौरान अचानक मोबाइल का नेटवर्क चला गया। काफी देर इंतजार करने के बाद भी जब रील नहीं चली तो वह नाराज हो गई।
गुस्से में उसने मोबाइल जमीन पर पटक दिया। इसके बाद वह कमरे के भीतर चली गई और दरवाजा बंद कर लिया। करीब 10 मिनट बाद वह बाहर आई और बरामदे में बैठ गई। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसे लगातार उल्टियां होने लगीं।
उल्टी की दुर्गंध से हुआ शक
शुरुआत में परिवार वालों ने इसे सामान्य तबीयत खराब होना समझा। लेकिन उल्टी से जहरीले पदार्थ जैसी दुर्गंध आने पर उन्हें शक हुआ। कमरे की तलाशी लेने पर कीटनाशक का खाली डिब्बा मिला। इसके बाद परिजनों को अंदेशा हुआ कि महिला ने कीटनाशक पी लिया है।
परिजन उसे तत्काल डायल-112 की मदद से करतला स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। यहां उपचार के दौरान रविवार को मंगलो बाई ने दम तोड़ दिया।
पुरानी मान्यता के चलते पहले कराया उल्टी
मृतका के पति प्रेमलाल ने पुलिस को बताया कि गांव में चली आ रही एक पुरानी मान्यता के कारण अस्पताल ले जाने से पहले उन्होंने मंगलो को उल्टी कराने के लिए गोबर मिला पानी पिलाया था। हालांकि इससे उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया।
8 महीने में 57 आत्महत्या से जुड़ी मौतें
इस घटना ने जिले में आत्महत्या और मानसिक तनाव से जुड़े मामलों को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है। जानकारी के मुताबिक, कोरबा मेडिकल कॉलेज में पिछले आठ महीनों के दौरान आत्महत्या से जुड़े मामलों में 57 लोगों की मौत हो चुकी है।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। घटना के पीछे के कारणों को लेकर परिजनों और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है।
