कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: गेवरा एरिया में ट्रेड यूनियनों के सदस्यता सत्यापन को लेकर चल रही प्रक्रिया में साउथ ईस्टर्न कोयला मजदूर कांग्रेस (SEKMC) इंटक ने अपनी बढ़त को और मजबूत कर लिया है।
दो दिनों के आंकड़ों के बाद इंटक कुल 121 सदस्यता के साथ गेवरा एरिया में प्रथम स्थान पर पहुँच गया है। पहले दिन इंटक को 81 मत मिले थे, वहीं दूसरे दिन 40 नई सदस्यता जुड़ने के बाद यह आंकड़ा 121 हो गया।
लगातार दो दिनों तक मिली इस बढ़त से इंटक समर्थकों और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। संगठन की ओर से लगातार कर्मचारियों से संपर्क और जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाई जा रही है।
अब प्रोजेक्ट स्तर पर होगी असली परीक्षा
गेवरा एरिया में सत्यापन का चरण पूरा होने के बाद कल से प्रोजेक्ट स्तर पर सदस्यता प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। ऐसे में यूनियनों के बीच मुकाबला और भी दिलचस्प होने की उम्मीद है। अन्य यूनियनें भी प्रोजेक्ट स्तर पर अपनी सदस्य संख्या बढ़ाने के लिए पूरी ताकत झोंकने की तैयारी में हैं।
हालांकि दो दिनों के परिणाम ने फिलहाल इंटक को बढ़त दिला दी है, लेकिन सदस्यता सत्यापन की पूरी प्रक्रिया अभी बाकी है। अंतिम तस्वीर आना अभी शेष है।
अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रोजेक्ट स्तर पर कौन सा संगठन कर्मचारियों का सबसे ज्यादा समर्थन जुटा पाता है।

