20 फीट ऊंचे पेड़ पर चढ़ा भालू, देखने लोगों की जुटी भीड़, देखें वीडियो….

2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया जब जंगल से निकलकर एक भालू मड़वारानी रेलवे स्टेशन के पास जा पहुंचा। इसके बाद भालू पेड़ पर करीब 20 फीट ऊपर चढ़ गया। उसे रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ने वनकर्मी पूरे दिन डटे रहे। आखिरकार मंगलवार की देर शाम भालू के पेड़ से उतरते ही जंगल की ओर खदेड़ा गया। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।

आपको बता दें कि कोरबा वनमंडल के करतला वन परिक्षेत्र अतंर्गत सरगबुंदिया सर्किल में भालु व चीतल सहित अन्य वन्यजीवों की भरमार है, जो जंगल के भीतर स्वतंत्र विचरण करते हैं। कई बार वन्यजीव भोजन व पानी की तलाश में आबादी वाले क्षेत्र तक पहुंच जाते हैं । वहीं मंगलवार की तड़के भी एक भारी भरकम भालू जंगल से निकलकर मड़वारानी रेलवे स्टेशन के समीप जा पहुंचा। वह काफी देर तक आसपास विचरण करता रहा। इस बीच उजाला होते ही लोगों की आवाजाही शुरू हो गई। जंगल में लौटने के बजाय भालू रेलवे स्टेशन और कोरबा-चांपा मार्ग के बीच सेमर पेंड़ में करीब 20 फीट उपर जा चढ़ा। इस बीच लोगों की नजर भालू पर पड़ गई। यह खबर मिलते ही भालू को देखने भीड़ एकत्रित होने लगी। जिसकी सूचना वन विभाग के अफसरों को मिली।

वनमंडलाधिकारी अरविंद पीएम के निर्देश पर एसडीओ सूर्यकांत सोनी ने तत्काल भालू को रेस्क्यू आपरेशन कर जंगल में छोड़ने टीम रवाना कर दिया। सरगबुंदिया सर्किल प्रभारी बीके शुक्ला के नेतृत्व मे टीम मौके पर पहुंची। टीम ने आसपास मौजूद भीड़ को हटाया, तत्पश्चात पूरे दिन भालू की निगरानी में जुटी रही। देर शाम अंधेरा होते ही भालु पेंड़ से नीचे उतरा। वन कर्मियों ने पूरी सावधानी के साथ उसे जंगल की ओर खदेड़ने में सफलता पाई।

Share This Article