नशे के सौदागरों पर पुलिस की बड़ी कार्यवाही, ट्रक से 20 लाख की अफीम के साथ आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे
बिलासपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले में नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्यवाही की गई है। अफीम की तस्करी करते पुलिस ने एक आरोपी ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी ट्रक ट्रांसपोर्ट के आड़ में अफीम की तस्करी कर रहा था। आरोपी तस्कर से 20 लाख रुपये कीमत की 2 किलो अफीम और ट्रक सहित 60 लाख का माल जब्त किया गया है।
एसपी रजनेश सिंह ने एसीसीयू टीम को उक्त ट्रक को पकड़कर जांच कर कार्रवाई करने का आदेश दिया। रात 10 बजे एसीसीयू की टीम व मस्तूरी पुलिस पाराघाट टोल प्लाजा पहुंचकर आसपास में तैनात हो गई। आधे घण्टे बाद रात 10.30 बजे जांजगीर बिलासपुर नेशनल हाइवे में जांजगीर की ओर से उक्त ट्रक आया। चालक ने आराम से टोल प्लाजा में गाड़ी खड़े कर दिया। इसी दौरान पुलिस ने केबिन में ड्राइवर पंजाब अमृतसर सदर गग्गूबुआ निवासी नवनूर सिंह पिता बाज सिंह 28 साल को गाड़ी से नीचे उतारकर पूछताछ की। ड्राइवर गोलमोल जवाब दे रहा था। पुलिस ट्रक के केबिन में खोजबीन की तो ड्राइवर की सीट के पीछे की सीट में एक थैला रखा था। थैला खोलकर देखे तो एक पन्नी में 2 किलो अफीम मिला। एसीसीयू प्रभारी अनुज कुमार ने बताया, जब्त अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में 20 लाख रुपए कीमत है। मस्तूरी पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत अफीम व लोहे के पाइप सहित ट्रक को जब्त कर ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।
ड्राइवर से कड़ाई से पूछताछ करने पर रांची व भुसावल के अफीम सप्लायरों की जानकारी देते हुए बताया कि वह ट्रक में सामान के साथ कई बार अफीम की सप्लाई कर चुका है। वह सामान के साथ आसानी से अफीम ले जाकर संबंधित ठिकानों में छोड़ देता था। इसके एवज में उसे मोटी रकम मिलती थी। आगे बताया कि लोहे का पाइप लेकर ट्रक झारखंड से सूरत गुजरात जाने के लिए निकला था। इसी में गुमला से भुसावल महाराष्ट्र अफीम का भी सप्लाई करना था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।
