जिले में पति-पत्नी की बेरहमी से हत्या, खून से लथपथ मिली लाश, इलाके में फैली सनसनी

2 Min Read

जिले में पति-पत्नी की बेरहमी से हत्या, खून से लथपथ मिली लाश, इलाके में फैली सनसनी

सरगुजा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के ग्राम कुम्हरता में पति-पत्नी की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार गांव के निवासी रीमा राम (52 वर्ष) और उनकी पत्नी उर्मिला (50 वर्ष) 22 अक्टूबर की रात घर की परछी में सोए थे। सुबह ग्रामीणों ने जब उन्हें आवाज दी और घर का दरवाजा खोला, तो दोनों खून से लथपथ हालत में मृत पाए गए।

मृतकों के सिर पर धारदार हथियार से वार के गहरे निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि किसी ने सोते समय दोनों पर हमला कर हत्या की। घटना के वक्त दंपती घर में अकेले थे। उनकी कोई संतान नहीं थी और वे खेती व मजदूरी कर जीवनयापन करते थे।

सूचना मिलते ही दरिमा थाना प्रभारी राजेश कुमार खलखो और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अंबिकापुर से फॉरेंसिक एक्सपर्ट प्रभात भगत की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

गांव के सरपंच धर्मेंद्र सिंह के अनुसार, दोनों पति-पत्नी शांत स्वभाव और मिलनसार थे, उनका किसी से विवाद नहीं था। ग्रामीण भी इस वारदात से हैरान हैं कि आखिर दंपती की हत्या क्यों की गई।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब तक किसी भी संदिग्ध या सुराग का पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।


Share This Article