कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र स्थित दादर बस्ती में गुरुवार शाम एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। घर लौट रहे 5 वर्षीय मासूम पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्चे को इतनी बुरी तरह घायल कर दिया कि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान प्रकाश पटेल (5 वर्ष) के रूप में हुई है। वह पहली कक्षा का छात्र था। उसके पिता किशोर पटेल मजदूरी करते हैं। परिवार मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले का रहने वाला है और दादर में रहकर मजदूरी से अपना जीवन-यापन करता है।
परिजनों के मुताबिक गुरुवार शाम करीब 4 बजे किशोर पटेल एक निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे थे। इसी दौरान प्रकाश उनसे मिलने आया था। कुछ देर बाद वह अकेले घर लौटने लगा। रास्ते में पहले से घूम रहे 5 से 6 आवारा कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया।
बेटे की चीख सुनते ही पिता दौड़कर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक कुत्ते उसे घसीट-घसीटकर नोच चुके थे। बच्चे के सिर, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आई थीं। किसी तरह कुत्तों को भगाकर परिजन उसे जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर मानिकपुर चौकी पुलिस अस्पताल पहुंची। अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि दादर और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है। कई बार शिकायतें किए जाने के बावजूद जिम्मेदार विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़ने और उनकी बढ़ती संख्या पर नियंत्रण के लिए तत्काल विशेष अभियान चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
