कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के छुरीकला स्थित राज ज्वेलर्स में 1 जुलाई को हुई सनसनीखेज लूटकांड का मुख्य आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। महिला का वेश धारण कर ज्वेलरी दुकान में घुसकर वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी विष्णु राठिया कर्नाटक के हिन्दूपुरम इंडस्ट्रियल एरिया से गिरफ्तार किया गया है। उसकी गिरफ्तारी के साथ ही इस बहुचर्चित लूटकांड के सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।

दरअसल 1 जुलाई की दोपहर तीन बदमाश ग्राहक बनकर राज ज्वेलर्स पहुंचे थे। दुकान के भीतर पहुंचते ही आरोपियों ने कर्मचारियों पर कट्टा तान दिया और उनकी आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया। इसके बाद सोने-चांदी के आभूषण लूटकर मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था।

सीसीटीवी से खुला महिला के भेष का राज
घटना की जांच के दौरान पुलिस ने दुकान और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक आरोपी महिला के वेश में नजर आया। जांच आगे बढ़ने पर उसकी पहचान विष्णु राठिया के रूप में हुई। इससे पहले पुलिस दो अन्य आरोपियों गोपाल सिंह और परदेशी राम को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी, जबकि विष्णु लगातार फरार चल रहा था।
कर्नाटक में मजदूर बनकर छिपा था आरोपी
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कोरबा पुलिस की विशेष टीम कर्नाटक के हिन्दूपुरम इंडस्ट्रियल एरिया पहुंची। वहां विष्णु राठिया मजदूर बनकर रह रहा था और अपनी पहचान छिपाकर काम कर रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
हथियार और लूटे गए जेवरों की तलाश जारी
कटघोरा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ही महिला का वेश धारण कर ज्वेलरी दुकान में दाखिल हुआ था। आरोपी से लूटे गए जेवरात, वारदात में इस्तेमाल हथियारों और पूरे षड्यंत्र के संबंध में पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद उसे कोरबा लाकर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
