कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के दादर में आयोजित जगन्नाथ रथ यात्रा मेले के दौरान शुक्रवार रात उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब मेले के समीप बिजली के तार पर करीब 8 फीट लंबा अजगर लटका हुआ दिखाई दिया। अजगर को देखते ही श्रद्धालुओं और दुकानदारों में हड़कंप मच गया। मेले में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए किसी भी अनहोनी की आशंका बनी हुई थी।
सूचना मिलते ही कोरबा वन मंडल की अधिकृत रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम प्रभारी जितेंद्र सारथी के नेतृत्व में राजू बर्मन, राकेश मानिकपुरी, साहिल और बॉबी ने सबसे पहले सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए लोगों को अजगर से सुरक्षित दूरी पर किया, ताकि भीड़ और वन्यजीव दोनों सुरक्षित रहें।
इसके बाद टीम ने पूरी सतर्कता और तकनीकी दक्षता के साथ रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद अजगर को बिजली के तार से सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। रेस्क्यू के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि न तो किसी व्यक्ति को नुकसान पहुंचे और न ही अजगर को कोई चोट आए।
रेस्क्यू के बाद वन विभाग की टीम ने अजगर का स्वास्थ्य परीक्षण किया। पूरी तरह स्वस्थ पाए जाने पर उसे उसके प्राकृतिक आवास के अनुरूप कोरबा के निकटवर्ती वन क्षेत्र में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर उसे छेड़ने या पकड़ने का प्रयास न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग या अधिकृत रेस्क्यू टीम को सूचना दें, ताकि सुरक्षित तरीके से कार्रवाई की जा सके।
