कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के दादर क्षेत्र में आवारा कुत्तों के हमले में 5 वर्षीय मासूम प्रकाश पटेल की दर्दनाक मौत के बाद नगर निगम प्रशासन हरकत में आ गया है। शुक्रवार को निगम आयुक्त आशुतोष पांडे ने घटनास्थल का दौरा कर हालात का जायजा लिया और अधिकारियों को क्षेत्र में घूम रहे आवारा कुत्तों को तत्काल पकड़ने के निर्देश दिए। नगर निगम ने मृतक के परिजनों को एक लाख रुपये की तात्कालिक सहायता देने की भी घोषणा की है।

घटना के बाद नगर निगम की टीम ने दादर और आसपास के इलाकों में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान 15 से 20 आवारा कुत्तों को पकड़कर बधियाकरण केंद्र भेजा गया। निगम का कहना है कि शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या पर नियंत्रण के लिए अभियान लगातार चलाया जा रहा है और अब तक एक हजार से अधिक कुत्तों का बधियाकरण किया जा चुका है।
आयुक्त ने किया निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश
नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडे ने दादर पहुंचकर स्थानीय लोगों और पुलिस अधिकारियों से घटना की पूरी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर नियमित अभियान चलाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने कहा कि मासूम की मौत बेहद दुखद है और नगर निगम इसे गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठा रहा है।

पिता से मिलने गया था प्रकाश, लौटते समय हुआ हमला
जानकारी के अनुसार गुरुवार को 5 वर्षीय प्रकाश पटेल अपने पिता किशोर पटेल से मिलने दादर गया था। किशोर पटेल मजदूरी का काम करते हैं। पिता से मिलने के बाद जब प्रकाश घर लौट रहा था, तभी आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्चे को बुरी तरह घायल कर दिया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक प्रकाश का परिवार मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले का रहने वाला है। किशोर पटेल रोजगार के लिए दादर में रहकर मजदूरी करते हैं। बेटे की असमय मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
निगम देगा 1 लाख की तात्कालिक सहायता
नगर निगम आयुक्त ने बताया कि महापौर के निर्देश पर मृतक बच्चे के परिवार को नगर निगम की ओर से एक लाख रुपये की तात्कालिक आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। वहीं घटना के बाद दादर क्षेत्र के लोगों में आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर नाराजगी है। निगम प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि शहर में आवारा कुत्तों की संख्या नियंत्रित करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अभियान और तेज किया जाएगा।
