रायपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित संजय नगर में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि बैटरी कारोबारी सय्यद शाहिद उर्फ सज्जू (45 वर्ष) ने पहले पत्नी और तीन बच्चों को जहरीला पदार्थ खिलाया, फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
जानकारी के अनुसार संजय नगर में किराए के मकान में रहने वाले परिवार का दरवाजा शुक्रवार पूरे दिन बंद रहा। पड़ोसियों ने कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। देर रात घर से दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना दी गई। टिकरापारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई।
घर के अंदर का दृश्य बेहद दर्दनाक था। शाहिद का शव कमरे में फंदे से लटका मिला, जबकि पत्नी राबिया, बेटा इरशाद अली (19), बेटी शाहिदा (17) और इरशाबा बेगम (16) के शव फर्श पर पड़े थे। सभी के मुंह से झाग निकल रहा था, जिससे जहरीला पदार्थ खाने की आशंका जताई जा रही है।
घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस और फोरेंसिक टीम को खाने-पीने का सामान तथा एक कीटनाशक का डिब्बा मिला है। इसी आधार पर प्रारंभिक जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि परिवार को भोजन में जहर दिया गया। इसके बाद शाहिद ने खुद फांसी लगा ली। पुलिस ने पूरे मकान को सील कर दिया है और सभी साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी है।
20 लाख के कर्ज से जूझ रहा था कारोबारी
पुलिस और परिजनों से पूछताछ में सामने आया है कि शाहिद पुरानी बैटरियों की खरीद-बिक्री और रिपेयरिंग का काम करता था। उस पर करीब 20 लाख रुपये का कर्ज बताया जा रहा है। बैंक की ईएमआई के साथ निजी उधारी का दबाव लगातार बढ़ रहा था।
स्थानीय लोगों के मुताबिक कर्ज की वसूली के लिए लोग अक्सर उसके घर पहुंचते थे, जिससे परिवार तनाव में रहता था। पुलिस आर्थिक तंगी और कर्ज के दबाव को घटना की प्रमुख वजह मानकर जांच कर रही है।
मोहल्ले के लोगों के अनुसार, परिवार के सदस्य गुरुवार शाम के बाद से दिखाई नहीं दिए थे। शाहिद की दोनों बेटियां अक्सर पड़ोसियों के घर आती-जाती थीं, लेकिन शुक्रवार को उनके नजर नहीं आने पर लोगों को संदेह हुआ। कई बार दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला, जिसके बाद मकान मालिक और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस के अनुसार, शाहिद मूल रूप से बिहार का निवासी था और पिछले करीब आठ महीने से संजय नगर में किराए के मकान में परिवार के साथ रह रहा था। उसका भाई जहीर अली रायपुर में रहता है, जिसने पांचों शवों की पहचान की। पुलिस मकान मालिक सहित अन्य लोगों से भी पूछताछ कर रही है।
