कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने प्लाटून कमांडर प्रमोद महंत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने शिकायत में बताया है कि उसकी पहचान प्रमोद महंत से हुई थी। आरोपी ने उससे शादी करने का वादा किया और इसी भरोसे में कई बार शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का आरोप है कि लंबे समय तक शादी का आश्वासन देकर उसका शारीरिक और मानसिक शोषण किया गया।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि जब पीड़िता ने शादी करने के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। बाद में उसने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने दर्री थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान पीड़िता और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा उपलब्ध साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद तत्काल मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी सरकारी पद पर कार्यरत है, इसलिए मामले की गंभीरता से निष्पक्ष जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
