झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही आई सामने, इंजेक्शन लगाने के बाद गर्भवती महिला की हुई मौत

2 Min Read

झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही आई सामने, इंजेक्शन लगाने के बाद गर्भवती महिला की हुई मौत

जांजगीर-चांपा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जांजगीर जिले में 4 माह की एक गर्भवती महिला की मौत पर हंगामे का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि गर्भवती महिला को डॉक्टर के पास ले जाया गया था जहां इंजेक्शन लगाने के कुछ देर बाद उसकी जान चली गई। महिला के गर्भ में पल रहे बच्चे की भी मौत हो गई।


जानकारी के अनुसार मृतक महिला का नाम रूक्मणी कश्यप था। झोलाछाप डॉक्टर द्वारा दिए गए इंजेक्शन से रूक्मणी की मौत हो गई, जिससे उसकी और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की जान चली गई। इस घटना के बाद से परिजनों में भारी आक्रोश है। वहीं परिजनों ने सख्त कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है। स्थानीय पुलिस थाना नवागढ़ में मामला दर्ज कर लिया गया है और प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है।

परिजनों का आरोप है कि जिले में झोलाछाप डॉक्टरों का एक बड़ा नेटवर्क सक्रिय है, जिसका मुख्य कारण प्रशासन की लापरवाही है। स्थानीय प्रशासन पर आरोप लगाया जा रहा है कि वे झोलाछाप डॉक्टरों की बढ़ती संख्या और उनके द्वारा की जाने वाली गलतियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं, जिससे आम जनता को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इस घटना के बाद, इलाके में स्वास्थ्य व्यवस्था की गुणवत्ता और झोलाछाप डॉक्टरों की जांच पर सवाल उठ रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन द्वारा तुरंत कार्रवाई की जाए, ताकि आने वाले समय में ऐसी घटना दोबारा न घट सके।

Share This Article