मामूली सी बात को लेकर बड़े भाई की बेरहमी से हत्या, वारदात के बाद शव को गड्ढे में दफनाया

3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले के बागों थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां कोनकोना गांव में एक युवक ने अपने ही बड़े भाई की हत्या कर दी और शव को गांव के पास ही दफना दिया। बताया जा रहा है कि मामूली सी बात को लेकर छोटे भाई ने इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मृतक के शव को बरामद किया।

यह पूरी घटना बांगो थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत कोनकोना के आश्रित मोहल्ला कोठाबार की है। 6 सितंबर यहां छत राम धनुहार व उसका छोटा भाई शिव चरण उर्फ सच्चिरण धनुआर परिवार समेत निवासरत हैं। शुक्रवार की शाम शराब पीने के बाद दोनों भाईयों में ब्लूटूथ इयरफोन को लेकर आपस में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि छोटे भाई शिवचरण ने बड़े भाई छतराम धनुआर पर लोहे के रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इससे थोड़े देर में छतराम की मौत हो गई। उसने अपराध छिपाते हुए भाई के शव को रात में थोड़ी दूर स्थित दूसरे गांव घोघरा पारा के पास दिलीप बिल्डकान के गिट्टी खदान के पास दफन कर दिया।

इधर छतराम के घर नहीं पहुंचने पर परजनों को चिंता हुई। उसकी पत्नी ने खोजबीन किया और गांव वालों से पूछताछ की। तब दोनों भाईयों के बीच हुए विवाद की बात सामने आई। इस बीच शिवचरण भी लापता हो गया। संदेह गहराने पर मामले की जानकारी सरपंच को दी गई। सरपंच की सूचना पर बांगो पुलिस ने लापता शिवचरण की खोज कर हिरासत में लिया और पूछताछ की, तब उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

पूछताछ के दौरान शिवचरण ने शव दफनाने की जानकारी दी। तब पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों से स्वीकृति प्राप्त कर रविवार को आरोपित को लेकर स्थल पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। इस दौरान फोरेंसिक टीम एक्सपर्ट डा सत्यजीत सिंह कोसरिया के समेत अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। वैधानिक कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।

Share This Article